मध्य प्रदेश: युवती के घर फल खाने के बाद सरपंच की मौत, परिजनों ने जहर देने की जताई आशंका

मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह एक युवती के घर फल खाने गए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने जहर देने का आरोप लगाया है, हालांकि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

तस्वीर में दिखाई गई तरबूजा की “प्रतिनिधिक तस्वीर”

यह घटना रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरहुला गांव की है। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा गांव के सरपंच ताज मोहम्मद (55) गुरुवार दोपहर रिंग रोड स्थित गड़डिया में किसी को जमीन दिखाने गए थे। इसके बाद वह चिरहुला निवासी अपनी परिचित प्रीति साकेत के पास पहुंचे।

फल खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

युवती के अनुसार, ताज मोहम्मद ने फोन पर बताया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है और वह कुछ देर उनके यहां रुकना चाहते हैं। इस दौरान वह खरबूजा और आम लेकर आए। दोनों ने साथ में फल खाए। इसके बाद अचानक सरपंच की तबीयत बिगड़ने लगी। युवती के मुताबिक, उनकी बोलने में जुबान अटकने लगी और वह लड़खड़ाने लगे, जिसके बाद वह बेहोश हो गए।

परिजनों की आशंका और पुलिस जांच

परिजनों ने सरपंच की मौत को लेकर युवती पर शक जताया है। उनका आरोप है कि फलों में जहर मिलाकर उन्हें मारा गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवती ने कॉल डिटेल और मोबाइल की गैलरी से कुछ चीजें डिलीट कर दी हैं। बेहोश होने के बाद ताज मोहम्मद को रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author