भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से इन शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने की संभावना, एयरलाइंस से प्रस्ताव मांगे

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू हो सकती हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसके लिए एयरलाइंस ऑपरेटर्स से प्रस्ताव (Request for Proposal) मांगे हैं। प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 29 मई 2026 निर्धारित की गई है।

भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से इन शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने की संभावना, एयरलाइंस से प्रस्ताव मांगे

“प्रतिनिधिक तस्वीर”

किन शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी?

भोपाल एयरपोर्ट से फिलहाल दिल्ली, हैदराबाद सहित कुछ चुनिंदा शहरों के लिए ही सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं। नई योजना के तहत कोलकाता, जयपुर, देहरादून, केरल, चेन्नई, श्रीनगर, चंडीगढ़ और जम्मू जैसे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की भी संभावना है। एयरपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, यहां प्रतिदिन 5 हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। वार्षिक यात्री संख्या 8 लाख से अधिक है, जो लगातार बढ़ रही है।

एयरलाइंस ऑपरेटर्स को मिलेगा वित्तीय प्रोत्साहन

नई उड़ानों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार एयरलाइंस ऑपरेटर्स को विशेष वित्तीय लाभ प्रदान करेगी:

घरेलू उड़ानों के लिए: 1,000 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउंड ट्रिप (अधिकतम 10 लाख रुपये तक)

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए: 1,000 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति राउंड ट्रिप (अधिकतम 15 लाख रुपये तक)

यह वित्तीय सहायता शुरुआत में 6 माह के लिए दी जाएगी, जिसे आवश्यकतानुसार अतिरिक्त 6 माह तक बढ़ाया जा सकता है।

विशेषज्ञों ने किया स्वागत

राजा भोज विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य मनोज सिंह मीक ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उनके अनुसार, हाल ही में भोपाल सांसद आलोक शर्मा के नेतृत्व में हुई समिति की बैठक में बड़े शहरों के बीच उड़ान सेवाओं को आवश्यक बताया गया था। मीक ने कहा कि भोपाल मध्य भारत का स्वाभाविक कनेक्टिविटी केंद्र है। बेहतर उड़ान सेवाओं से पर्यटन, निवेश, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा यात्रा, रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक और नॉलेज एवं एआई सिटी जैसे क्षेत्रों को गति मिलेगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी इच्छुक एयरलाइन ऑपरेटर्स से 29 मई 2026 तक अपने प्रस्ताव जमा करने का आग्रह किया है।

भोपाल मेट्रो का अंडरग्राउंड कॉरिडोर: बड़ा बाग कब्रिस्तान विवाद के बीच सर्वे जारी

Author

Leave a Comment