मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में सब्जी न बनाने को लेकर हुए एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बहू सोनम के मायके वालों ने उसके ससुराल पहुंचकर सास गुड्डी (50) और पति संजू के साथ डंडों से मारपीट की और घर में तोड़फोड़ कर दी। सास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
“प्रतिनिधिक तस्वीर”
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 27 मार्च 2026 की बताई जा रही है, हालांकि पीड़िता ने इलाज के बाद 44 दिन बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता गुड्डी प्रजापति ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे संजू के साथ नारायण विहार कॉलोनी में रहती है। 27 मार्च को उनकी बहू सोनम से सब्जी न बनाने को लेकर विवाद हो गया। इस मामले में सोनम और संजू के बीच भी झगड़ा हो गया। इसके बाद बहू सोनम ने अपने मायके के भाइयों को फोन लगाकर बुला लिया। आरोप है कि रात करीब 10 बजे सोनम के भाई राहुल, नीतिन और अरुण प्रजापति सहित पांच लोग घर में घुस आए।
सास और पति के साथ की मारपीट
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले मां-बहन की गालियां दीं। इसके बाद राहुल और नीतिन ने संजू के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। वहीं, एक महिला आरोपी वैजयंती ने गुड्डी का गला दबा दिया। इससे गुड्डी की नाक में चोट लगी और खून निकलने लगा। मारपीट में गुड्डी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों ने घर में रखी वॉशिंग मशीन और बाइक में भी तोड़फोड़ की। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता ने ठीक होने के बाद गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बहू के तीन भाइयों (राहुल, नीतिन, अरुण) के अलावा देवी प्रजापति और वैजयंती सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

