विदिशा। बेगमगंज के हीमोतिया गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर शक करते हुए पत्थर से हत्या कर दी और दो साल के बेटे को जंगल में छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
“प्रतिनिधिक तस्वीर”
पत्नी के चरित्र पर था शक, मोबाइल लेने के बहाने निकला
पुलिस के अनुसार, राजेंद्र अहिरवार अपनी पत्नी ज्योति के चरित्र को लेकर शक करता था। उसे संदेह था कि पत्नी उसे धोखा दे रही है। आरोपी दो दिन पहले मोबाइल लेने का बहाना बनाकर पत्नी ज्योति और दो साल के बेटे को बाइक पर बैठाकर निकला। बेगमगंज की ओर जाने के बजाय वह विदिशा जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र की ओर आ गया।
जंगल में पत्थर से की हत्या, बच्चे को छोड़ा
रास्ते में सुनसान जंगल देखकर आरोपी ने पत्नी के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह वहां से भाग गया। आरोपी ने अपने दो साल के मासूम बेटे को भी जंगल में ही छोड़ दिया। पुलिस पूछताछ में यह जानकारी सामने आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने रातभर चलाया सर्च ऑपरेशन, सुबह बच्चा मिला
पुलिस कप्तान रोहित काशवानी ने बताया कि बेगमगंज से लेकर विदिशा के हैदरगढ़ क्षेत्र में कई किलोमीटर के दायरे में तलाश अभियान चलाया गया। दोनों जिलों के करीब 12 थानों की पुलिस रातभर सर्चिंग में जुटी रही। सुबह के समय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने रात के समय सुनसान जंगल में किसी अनहोनी की आशंका जताई थी, लेकिन बच्चा सुरक्षित मिला। आरोपी राजेंद्र अहिरवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
शाजापुर: आवारा सांड के हमले से महिला की मौत, ग्रामीणों ने चार मवेशी पकड़े

