सागर: गर्भवती महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर ने गुटखा फंसने का दावा किया

सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र के सेवा अस्पताल में इलाज के दौरान दो माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल की डॉक्टर का कहना है कि मौत गले में गुटखा फंसने से हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सागर: गर्भवती महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर ने गुटखा फंसने का दावा किया
 “प्रतिनिधिक तस्वीर”

पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती कराया था परिजनों ने

जानकारी के मुताबिक रहली निवासी 25 वर्षीय विद्या राय को पेट में हल्के दर्द की शिकायत पर परिजन सेवा अस्पताल लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल लाने के बाद उनकी हालत बिगड़ती रही, लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बावजूद डॉक्टरों ने समय पर उपचार नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से महिला की जान बच सकती थी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और मौके पर भारी बल तैनात किया गया।

डॉक्टर ने लापरवाही के आरोपों से किया इनकार

अस्पताल की डॉक्टर निधि मिश्रा ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि महिला को गुटखा खाने की लत थी। उनके अनुसार, इलाज के दौरान गले में गुटखा फंस जाने से दम घुटने से उसकी मृत्यु हुई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तीन बच्चों की मां थी मृतका

मृतका विद्या राय अपने पीछे 1 साल, 2 साल और 5 साल के तीन बच्चे छोड़ गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मप्र: 70 किमी दूर परीक्षा केंद्र से नाराज छात्राओं का एसडीएम ऑफिस में प्रदर्शन

Author

Leave a Comment