माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा जारी प्रवेश पत्र में परीक्षा केंद्र 70 किलोमीटर दूर बनाए जाने के बाद देवरी ब्लॉक की शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की लगभग 200 छात्राओं ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर मौन प्रदर्शन किया। छात्राओं ने केंद्र नहीं बदलने पर परीक्षा का सामूहिक बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
रविवार को मंडल की वेबसाइट पर प्रवेश पत्र जारी होने के बाद छात्राओं को पता चला कि उनके लिए परीक्षा केंद्र देवरी में न होकर सागर के मकरोनिया स्थित शासकीय कन्या स्कूल को बनाया गया है। यह दूरी लगभग 70 किलोमीटर है। जानकारी मिलते ही दो दर्जन से अधिक छात्राएं और अभिभावक स्कूल पहुंचे और शिक्षकों से नाराजगी जताई।
एसडीएम कार्यालय में 20 मिनट का मौन धरना
आक्रोशित छात्राएं और अभिभावक एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य गेट पर करीब 20 मिनट तक मौन धरना दिया। इसके बाद छात्राओं ने एसडीएम मुनाब्बर खान को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
छात्राओं ने बताई ये मुश्किलें
छात्राओं ने कहा कि वे ग्रामीण इलाकों से आती हैं और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। सुबह 8:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए 70 किलोमीटर दूर पहुंचना उनके लिए संभव नहीं है। उनके पास इतनी दूरी तय करने के लिए साधन नहीं हैं।
प्रशासन ने दिए विकल्प का आश्वासन
एसडीएम मुनाब्बर खान ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा की गई है। परीक्षा केंद्र को बदलकर देवरी के संदीपनी स्कूल में करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि केंद्र नहीं बदलता है तो स्कूल से सुबह 6 बजे छात्राओं के लिए दो बसें लगाई जाएंगी। बसों में तीन शिक्षक मौजूद रहेंगे और पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।
अभिभावकों ने उठाए सवाल
अभिभावकों ने प्रशासन से सवाल किया है कि जब देवरी में संदीपनी स्कूल को अन्य छात्रों के लिए केंद्र बनाया गया है तो केवल छात्राओं के साथ ऐसा भेदभाव क्यों किया गया। फिलहाल सभी की निगाहें माध्यमिक शिक्षा मंडल और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। परीक्षा 7 मई से प्रस्तावित है।
बरेली ट्रेन हादसा: मौलाना तौसीफ रजा की पत्नी ने सुनाई दर्दनाक दास्तां, वीडियो कॉल पर देखा अंतिम मंजर

