दतिया: युवक का अपहरण कर खेत में पीटा, कट्टा पकड़ाकर फोटो खींची, 11 पर केस

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर उसे खेत में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने पीड़ित के हाथ में कट्टा पकड़ाकर फोटो खींच ली और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

दतिया: युवक का अपहरण कर खेत में पीटा, कट्टा पकड़ाकर फोटो खींची, 11 पर केस

“प्रतिनिधिक तस्वीर”

ठंडी सड़क क्षेत्र से कार में जबरन उठाया

दतिया शहर के ठंडी सड़क क्षेत्र का यह मामला है। तिगैलिया निवासी 24 वर्षीय शिवालय साहू जिला अस्पताल स्थित एक सांची कैंटीन में काम करते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 11:30 बजे वह पैदल घर लौट रहे थे। ठंडी सड़क स्थित एक सांची कैंटीन के पास गोविंदपुर निवासी राजदीप यादव और कृष्णा यादव उन्हें मिले। दोनों काले रंग की कार में थे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर शिवालय को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी।

तीन बाइकों पर 9 और युवक पहुंचे

कुछ ही देर में तीन बाइकों पर सवार होकर करीब 9 युवक और वहां पहुंच गए। विरोध करने पर आरोपियों ने शिवालय को जबरन कार में डाल लिया। रास्ते भर मारपीट करते हुए वे गोविंदपुर की ओर एक खेत में ले गए।

खेत में ले जाकर की बेरहमी से पिटाई

खेत में आरोपियों ने डंडों, लात-घूंसों और थप्पड़ों से शिवालय की जमकर पिटाई की। मारपीट में उनके सिर, पीठ, आंख, गले, कोहनी और पैर में चोटें आई हैं।

कट्टा पकड़ाकर फोटो खींची, वायरल करने की धमकी

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान राजदीप यादव ने कट्टा निकालकर उन्हें डराया। इसके बाद कट्टा उनके हाथ में पकड़ाकर फोटो खींच ली। आरोपी ने धमकी दी कि यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और पुलिस से पकड़वा देगा। इसी बीच मौका मिलने पर शिवालय वहां से भाग निकले। वह अपने एक साथी के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया

पुलिस ने गुरुवार रात राजदीप यादव, कृष्णा यादव और उनके 9 अन्य साथियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भोपाल: पूजन सामग्री लेकर लौट रहे पुजारी समेत दो लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत

Author

Leave a Comment