मध्यप्रदेश के इंदौर में एमआर-11 स्थित एक सोसाइटी में पेंटहाउस के संचालन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार रात करीब 10 बजे हुए झगड़े के दौरान आरोपियों ने कार से दो महिलाओं को टक्कर मार दी, जिसमें एक इन्फोसिस इंजीनियर की मौत हो गई। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव वाटिका स्मृति एनक्लेव में बुधवार रात हुई इस घटना में इन्फोसिस में पदस्थ इंजीनियर शंपा पांडे की मौत हो गई। सोसाइटी के रहवासियों और पेंटहाउस संचालकों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद इस हिंसक घटना का कारण बना।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
लसूडिया थाना टीआई तारेश सोनी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:30 बजे कुलदीप चौधरी अपने पेंटहाउस पर पहुंचे। सोसाइटी के रहवासियों ने पेंटहाउस की लाइट बंद करने पर आपत्ति जताई। इसके जवाब में कुलदीप चौधरी ने नीचे जाकर रहवासियों के फ्लैट्स की लाइट बंद कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौच शुरू हो गई। रहवासियों का आरोप है कि बिल्डिंग में मौजूद पेंटहाउस में लंबे समय से एयरबीएनबी (Airbnb) संचालित किया जा रहा था। इलाका रिहायशी होने के बावजूद यहां लगातार नए लोग आते-जाते थे, जिस पर कई बार आपत्ति जताई गई थी।
पहले चौकीदार की पत्नी, फिर महिला इंजीनियर पर चढ़ाई कार
विवाद बढ़ने के बाद कुलदीप चौधरी के बेटे मोनिश चौधरी ने कार से पहले चौकीदार की पत्नी को टक्कर मारी। इसके बाद उसने कार को घुमाकर दोबारा लाकर महिला शंपा पांडे के ऊपर से निकाल दिया। गंभीर रूप से घायल शंपा पांडे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया।
पिता-पुत्र पर हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में कुलदीप चौधरी और उनके बेटे मोनिश चौधरी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
नोट: यह खबर उपलब्ध जानकारी और विभिन्न मीडिया स्रोतों पर आधारित है। समाचार लिखे जाने के समय तक प्राप्त तथ्यों के अनुसार प्रस्तुत किया गया है। स्थिति में बदलाव संभव है और आधिकारिक पुष्टि के बाद अपडेट किया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें