उज्जैन: प्रेमी संग मिलकर पति की पत्थर से कुचलकर हत्या, दोनों गिरफ्तार

उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत में रक्तरंजित शव मिलने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या का पर्दाफाश कर दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने किसान को शराब पीने के बहाने खेत पर बुलाकर पत्थर से कुचल डाला था।

उज्जैन: प्रेमी संग मिलकर पति की पत्थर से कुचलकर हत्या, दोनों गिरफ्तार

खेत में मिला किसान का शव, हत्या का संदेह

यह घटना ग्राम पिपलियाडाबी की है। 30 मई की सुबह किसान भारत सिंह राजपूत का शव उन्हीं के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर उन्हेल थाना प्रभारी संतोष चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया कि मौत प्राकृतिक नहीं है, बल्कि हत्या की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक कुमार शर्मा और सीएसपी नागदा विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय मुखबिर की मदद से जांच आगे बढ़ाई।

प्रेम प्रसंग और जमीन को लेकर रची थी साजिश

पुलिस जांच में संदेह मृतक की पत्नी सोनाकंवर और गांव के ही जितेंद्र सिंह पर गया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया। पुलिस के अनुसार, सोनाकंवर और जितेंद्र सिंह के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। मृतक भारत सिंह शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था और जमीन बेचने की बात कर रहा था। इन्हीं कारणों से दोनों ने मिलकर भारत सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

रात में बुलाकर पत्थर से कुचला सिर

योजना के तहत 29 मई की रात करीब 10 बजे जितेंद्र सिंह, भारत सिंह को शराब पीने के बहाने खेत पर ले गया। वहां मौका पाकर जितेंद्र ने खेत में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। इससे मौके पर ही किसान की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त पत्थर को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

Author