शहडोल में मानसून की पहली तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला और 11 वर्षीय बालिका शामिल हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम ने करवट बदली और आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं शुक्रवार शाम को हुईं, जब जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मृतकों में जैतपुर थाना क्षेत्र की 68 वर्षीय महिला और जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की 11 वर्षीय बालिका शामिल हैं।
जंगल में महुआ बीनने गई महिला की मौत
पहली घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कोटरी गांव की है। पुलिस के अनुसार, 68 वर्षीय फुलची बाई कोल जंगल में महुआ की डोरी (फल/बीज) बीनने गई थीं। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आम बीनने गई बच्ची की दर्दनाक मौत
दूसरी घटना जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के गांधिया गांव में हुई। यहां तेज हवा चलने के बाद घर के सामने लगे आम के पेड़ के नीचे गिरे आम बीनने गई 11 वर्षीय प्रियांशी रैदास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होना सामने आया है।
प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील
मानसून के दौरान मौसम विभाग लगातार खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी करता रहा है। इसी कड़ी में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या जंगलों में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
