सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में 10 अक्टूबर को एक युवती का शव कुएं में मिला था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सीधी जिले के 19 वर्षीय अजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और शादी की बात सामने आने के डर से उसे कुएं में धकेल दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक युवती के शव मिलने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवती का शव 10 अक्टूबर को उसके घर से करीब 200 मीटर दूर एक कुएं में नग्न अवस्था में मिला था, मामला 30 सितंबर का है, जब युवती के पिता ने मोतीनगर थाने में उसकी लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने भी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और हाईवे निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ की।
पुलिस की जांच में क्या सामने आया
सीएसपी ललित कश्यप के अनुसार पूछताछ के दौरान एक युवक के घटना वाले दिन से छुट्टी पर चले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सीधी जिले के ग्राम ढमक निवासी 19 वर्षीय अजय कुमार को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ के मुताबिक, आरोपी और युवती की पहचान करीब 15 से 20 दिन पहले कंस्ट्रक्शन साइट के पास हुई थी। युवती ने अपना मोबाइल नंबर दिया था। दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। युवती शादी का दबाव बनाने लगी, जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा था और यह बात युवती को पता चल चुकी थी, घटना की रात आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया। पुलिस के अनुसार उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी की बात दोनों परिवारों तक पहुंचने के डर से आरोपी ने युवती को कुएं में धकेल दिया और उसके कपड़े भी कुएं में फेंक दिए।
वारदात के बाद आरोपी अपने कंस्ट्रक्शन साइट के कैंप में जाकर सो गया और बाद में अपने गृह जिले सीधी चला गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







