प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून को पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत 15 लाख से अधिक युवाओं के बैंक खातों में 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। यह राशि पहली बार निजी क्षेत्र में नौकरी शुरू करने वालों को दी जाएगी। जानें क्या है योजना और कैसे चेक करें अपना नाम।
केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और देश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून 2026 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को 2400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरण करेंगे, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
क्या है पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना?
पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसे 1 अगस्त 2025 से लागू किया गया था, इस योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, रोजगार को औपचारिक क्षेत्र से जोड़ना और सामाजिक सुरक्षा कवरेज का विस्तार करना है, योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जाता है, जबकि नए कर्मचारियों को नौकरी देने वाले नियोक्ताओं को प्रति अतिरिक्त कर्मचारी 3,000 रुपये प्रति माह तक का प्रोत्साहन मिल सकता है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2025 से अब तक 63 लाख से अधिक युवा इस योजना के माध्यम से औपचारिक कार्यबल से जुड़ चुके हैं, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत महिलाएं हैं . 99,446 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय वाली इस योजना के तहत दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक नौकरियां सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें लगभग 1.92 करोड़ पहली बार कार्यबल में प्रवेश करने वाले होंगे।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
19 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम की कार्यवाही देश भर के 200 औद्योगिक क्लस्टरों में आयोजित क्षेत्रीय कार्यक्रमों में सीधे प्रसारित की जाएगी . इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कुछ युवा लाभार्थियों और नियोक्ताओं से सीधे बातचीत भी कर सकते हैं . विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए इस क्षेत्र के नियोक्ताओं को चार वर्षों के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि अन्य क्षेत्रों के नियोक्ता दो वर्षों के लिए इसका लाभ उठा सकते हैं।
लाभार्थी अपना नाम कैसे चेक कर सकते हैं?
इस योजना का लाभ उठाने वाले युवा अपनी स्थिति ऑनलाइन आसानी से जांच सकते हैं:
• आधिकारिक पोर्टल pmvbry.epfindia.gov.in पर जाकर
• अपने UAN (Universal Account Number), आधार नंबर या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की मदद से
• UMANG ऐप के माध्यम से भी योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है
महत्वपूर्ण: योजना का लाभ पाने के लिए आधार का बैंक खाते से लिंक होना अनिवार्य है।
