मुजफ्फरपुर में 34 कट्ठा जमीन के सौदे में करोड़ों की धोखाधड़ी, एक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में 34 कट्ठा जमीन बेचने के एग्रीमेंट के बाद 12.45 करोड़ रुपये लेकर सिर्फ 9 कट्ठा की रजिस्ट्री करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा एक मामला सामने आया है। कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के रतवारा निवासी जमीन कारोबारी राकेश कुमार ने काजी मोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

34 कट्ठा के एग्रीमेंट पर मिली सिर्फ 9 कट्ठा की रजिस्ट्री

मिली जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार ने विजय कुमार सिंह, उनकी पत्नी अर्चना सिंह, घनश्याम पटेल और उनकी पत्नी बेबी पटेल के साथ करीब 34 कट्ठा जमीन बेचने का एग्रीमेंट किया था। यह जमीन मझौली धर्मदास थाना क्षेत्र में बताई गई है।

राकेश कुमार के अनुसार, उन्होंने 21 जनवरी 2022 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आरोपियों को नकद और बैंक खातों के माध्यम से कुल 12 करोड़ 45 लाख रुपये दिए। इतनी बड़ी रकम का भुगतान करने के बावजूद अब तक सिर्फ 9 कट्ठा जमीन की ही रजिस्ट्री कराई गई, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ 40 लाख रुपये बताई गई है, पीड़ित ने आरोप लगाया है कि शेष जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई और करीब 7 करोड़ 5 लाख रुपये की रकम भी वापस नहीं की गई।

खरीदारों के दबाव में फंसे कारोबारी

राकेश कुमार का कहना है कि उन्होंने यह जमीन आगे बेचने के लिए खरीदी थी। लेकिन पूरी जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने से अब खरीददार भी उनसे अपनी रकम वापस मांग रहे हैं। उन्होंने आरोपियों पर बाकी जमीन की रजिस्ट्री न कराने और बकाया रकम न लौटाने का आरोप लगाया है।

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी

पुलिस ने इस मामले में घनश्याम पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, वह मामले के मुख्य आरोपी विजय कुमार सिंह का साला है। वहीं, प्राथमिकी में नामजद तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement