गुजरात के कच्छ कड़वा पाटीदार समाज ने अपनी घटती आबादी को लेकर चिंता जताई है। समाज ने तीसरे बच्चे के जन्म पर माता-पिता को 50 हजार रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट देने और सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित करने की योजना की घोषणा की है। दक्षिण गुजरात जोनल मीटिंग में यह फैसला लिया गया।
गुजरात के कच्छ कड़वा पाटीदार समाज (केकेपीएस) ने समुदाय की घटती आबादी को देखते हुए एक नई योजना का ऐलान किया है। योजना के तहत समुदाय के उन माता-पिता को 50 हजार रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट दी जाएगी जिनका तीसरा बच्चा पैदा होगा। साथ ही उन्हें सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की न्यूज के अनुसार यह योजना हाल ही में दक्षिण गुजरात के जोनल मीटिंग में चर्चा में आई। समुदाय के नेताओं ने चिंता जताई कि युवा जोड़े या तो सिर्फ एक बच्चा पैदा कर रहे हैं या बच्चे पैदा ही नहीं कर रहे हैं। इससे उनकी आबादी लगातार घट रही है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में समुदाय बहुत छोटा रह जाएगा।
योजना का उद्देश्य
समुदाय के नेताओं के अनुसार इस पहल का मकसद जाति, धर्म और उम्र के आधार पर आबादी के असंतुलन को दूर करना तथा युवा सदस्यों को बड़े परिवार बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। केकेपीएस के दक्षिण गुजरात जोन के उपाध्यक्ष जवेरीलाल रमणी ने कहा कि यह विचार इसलिए आया क्योंकि उन्होंने देखा कि समुदाय के युवा या तो बच्चे पैदा नहीं कर रहे या सिर्फ एक बच्चा पैदा कर रहे हैं। एफडी के जरिए उन्हें ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
समुदाय के नेताओं के मुताबिक दक्षिण गुजरात में केकेपीएस की आबादी करीब 17 हजार है और यह घट रही है। इसे बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया गया है। वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा युवा इस योजना का लाभ उठाएं।







