हिसार डेयरी संचालक हत्याकांड: मास्टरमाइंड समेत दो आरोपी गिरफ्तार, कुल छह गिरफ्तार

हरियाणा के हिसार में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 13 अगस्त के अल्टीमेटम के आखिरी दिन गजेंद्र उर्फ गजू पंडित और साहिल को पकड़ा गया। अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

हिसार पुलिस को डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। खाप पंचायतों और किसान यूनियनों द्वारा दिए गए 13 अगस्त तक के अल्टीमेटम के आखिरी दिन पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ गजू पंडित (निवासी भाटला) और साहिल (निवासी सिंघवा राघो) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों को कहां से गिरफ्तार किया गया। हिसार पुलिस के पीआरओ ने इस संबंध में प्रेस नोट और फोटो जारी किए हैं। सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा अभी भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी

इस हत्याकांड में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसपी सिद्धांत जैन के मार्गदर्शन में 10 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई थीं, जो हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी दबिश दे रही थीं। एसपी सिद्धांत जैन के मुताबिक, फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पीड़ित पक्ष की सुरक्षा के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ उनके निवास स्थान पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

विवाद के बाद हुई हत्या

हिसार के सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर जीवन और पड़ोसी रमेश के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद डेयरी में खोर बनाने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा। आरोप है कि इसी दौरान रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया। 4 अगस्त को विवाद बढ़ने के बीच जीवन की हत्या कर दी गई। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने पुलिस को 13 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। गिरफ्तारी न होने पर टोल फ्री करने और मुख्यमंत्री के विरोध की चेतावनी दी गई थी।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement