गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित वृंदावन गार्डन कॉलोनी में एक युवती पर आरोप हैं, अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। विवाद कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर हुआ। घटना सीसीटीवी में कैद है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में 8 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे यह घटना हुई। पीड़ित पिता हितेश तोमर के अनुसार उनकी बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चली गई थी, प्रियंका अपनी सहेली के साथ घर पहुंची और कार लोन के वेरिफिकेशन को लेकर पिता से बात की। हितेश तोमर ने वेरिफिकेशन कराने से इनकार कर दिया। आरोप हैं कि इस बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी के साथ भी हाथापाई हुई। हंगामा बढ़ने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवती वहां से चली गई।
दोबारा लौटकर धमकी दी
करीब 25 मिनट बाद प्रियंका अपनी सहेली के साथ दोबारा घर पहुंची। आरोप है कि उसने घर का मेन गेट तोड़ दिया और जबरन अंदर घुस गई। आरोप हैं कि, इसके बाद उसने पिता और भाभी पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। अपनी सुरक्षा के लिए दोनों पहली मंजिल पर चले गए, पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में युवती पिस्टल लहराती नजर आ रही है।
मामले में पुलिस ने 9 सितंबर 2026 को थाना साहिबाबाद में मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।







