महाराजपुर (छतरपुर)। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढिकपुरा में अवैध बालू खनन के दौरान मिट्टी धंसने से 42 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। नदी किनारे खेत के नीचे बनी करीब 15 फीट गहरी सुरंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे युवक मलबे में दब गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुबह काम के दौरान हुआ हादसा
यह घटना बुधवार सुबह लगभग 8 बजे मड़ियान घाट के पास नदी किनारे स्थित खेत की कगर (मेड़) के नीचे घटी। मृतक की पहचान ग्राम ढिकपुरा निवासी मिजाजी कुशवाहा (42) पुत्र बंदी कुशवाहा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिजाजी कुशवाहा अन्य लोगों के साथ खेत के नीचे से अवैध रूप से बालू निकाल रहे थे। लंबे समय से जारी इस उत्खनन के कारण खेत के नीचे लगभग 15 फीट से अधिक गहरी सुरंग बन चुकी थी। इसी दौरान अचानक खेत की ऊपरी मिट्टी भरभराकर ढह गई और मिजाजी कुशवाहा उसके नीचे दब गए।
पीएचसी में घोषित किया गया मृत
हादसे के तुरंत बाद मौजूद अन्य लोगों ने तत्काल मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर महाराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉ. आलोक चौरसिया ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे के बाद इलाके में शोक
घटना के बाद ग्राम ढिकपुरा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, अवैध बालू उत्खनन के कारण हुए इस हादसे ने प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन जारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने के मामले भी सामने आ रहे हैं।