बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (TRE-4) में पदों की संख्या एक बार फिर बढ़ाई गई है। पहले 32,388 पद थे, अब 932 अतिरिक्त पद जोड़कर कुल संख्या 33,320 कर दी गई है। माध्यमिक स्कूलों में 493 और उच्च माध्यमिक स्कूलों में 439 नए पद शामिल किए गए हैं।
पटना। बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 (TRE-4) में सीटों की संख्या बढ़ा दी गई है। अब इस भर्ती के तहत कुल 33,320 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले पदों की संख्या 32,388 थी, जानकारी के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को संशोधित पूरक अधियाचना भेजी गई है। इसमें माध्यमिक स्कूलों के 493 पद और उच्च माध्यमिक स्कूलों के 439 पद शामिल किए गए हैं। इस तरह कुल 932 नए पद TRE-4 की भर्ती में जोड़े गए हैं।
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक में कितने पद बढ़े
माध्यमिक स्कूलों में 493 अतिरिक्त रिक्तियां जोड़ी गई हैं। इनमें बांग्ला, ललित कला, नृत्य, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी, फारसी और संगीत जैसे विषय शामिल हैं, उच्च माध्यमिक स्कूलों में 439 नए पद जोड़े गए हैं। इन पदों के लिए बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी विषयों में अधियाचना प्राप्त हुई है।
पदों का संशोधित विवरण
• पहले कुल पद: 32,388
• माध्यमिक में नए पद: 493
• उच्च माध्यमिक में नए पद: 439
• कुल इजाफा: 932
• अब कुल पद: 33,320
TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। संशोधित अधियाचना BPSC को मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया में शामिल पदों की संख्या 33,320 हो गई है। विषयवार पदों की विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन में स्पष्ट होगी।







