भोपाल वीआईपी रोड पर बस दुर्घटना, 11 छात्र घायल

भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह वीआईपी रोड पर छात्रों से भरी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर और खंभे से टकरा गई। हादसे में करीब 10 से 11 लोग घायल हुए, जिनमें छात्र और बस स्टाफ शामिल हैं। घायलों का इलाज हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने लापरवाही की जांच का ऐलान किया है।

मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में वीआईपी रोड पर एक बस हादसे का शिकार हुई। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर एक खंभे से जा लगी। खंभे का सहारा मिलने से बस पलटने से बच गई, बस आरजीपीवी के छात्रों को ले जा रही थी। कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, बस 12 नंबर क्षेत्र से आरजीपीवी के लिए जा रही थी। मोड़ पर रफ्तार अधिक होने से चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया। हादसे के बाद बस को सीधा किया गया और सवार लोगों को बाहर निकाला गया।

घायल छात्र सुमित पवार ने बताया कि वह आधे घंटे लेट चल रही थे, इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार से बस चलाई। वीआईपी रोड पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया। सुमित आरजीपीवी में सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सेकंड ईयर के छात्र हैं और माता मंदिर से बस में सवार हुए थे। सुमित ने बताया, उन्होंने हादसे से कुछ देर पहले एक परिचित को संदेश भेजकर चालक की लापरवाही की जानकारी दी थी।

आरजीपीवी के वाइस चांसलर आलोक शर्मा ने हादसे को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि 6-7 छात्र घायल हुए थे, जिनमें से 4-5 को छुट्टी मिल चुकी है। एक-दो को जल्द छुट्टी दी जाएगी, जबकि एक छात्र को सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। बस चालक की लापरवाही की जांच होगी और ट्रांसपोर्ट विभाग से बात कर ऐसी घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जाएंगे।

घायलों की स्थिति

थाना प्रभारी के मुताबिक, घायलों में बसंत नाम के विद्यार्थी के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। इनकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है। बाकी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी घायल हुए हैं। कुल घायलों की संख्या करीब 10 से 11 बताई जा रही है। सभी का इलाज हमीदिया अस्पताल में कराया जा रहा है, हादसे के कारणों और बस की गति सहित अन्य तथ्यों की विस्तृत पुष्टि अभी बाकी है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement