भोपाल सूरजनगर में रिटायर्ड IAS अधिकारी की हत्या, केयरटेकर लापता

भोपाल के सूरजनगर स्थित घर में बुधवार सुबह रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई। उनका शव कमरे में जमीन पर मिला। गले पर धारदार हथियार के निशान थे। घर में अलमारी के लॉक टूटे और किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला मिला। दो दिन पहले रखे गए केयरटेकर वरुण कुमार लापता हैं।

भोपाल के सूरजनगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की बुधवार सुबह उनके घर में हत्या कर दी गई। 1982 बैच के अधिकारी राकेश अग्रवाल का शव उनके कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। गले पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान थे। घर की अलमारी के लॉक टूटे मिले। किचन में एलपीजी सिलेंडर का पाइप निकला हुआ था, जिससे पूरे घर में गैस भर गई थी।

पत्नी ने बताया घटनाक्रम

राकेश अग्रवाल की पत्नी निशी अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी नींद खुली। मॉर्निंग वॉक के लिए निकलने पर मेन डोर बाहर से बंद मिला। उन्होंने घर के कर्मचारी अमर थापा को फोन किया। इसके बाद राकेश अग्रवाल के कमरे की ओर गईं। दरवाजा खोलने पर उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। उन्होंने आसपास के लोगों और घर के कर्मचारियों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर रातीबड़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में कोई कीमती ज्वेलरी नहीं रखी थी। दंपती का एकमात्र बेटा अमेरिका में रहता है। घर का एक नौकर वरुण कुमार गायब है और उसका सामान भी घर में नहीं मिला।

केयरटेकर पर शक

वाइफ ने बताया वरुण कुमार को 27 सितंबर को केयरटेकर के रूप में रखा गया था। उसे दवाएं समय पर देने, घर के अंदरूनी हिस्से की देखरेख, पानी भरने और सामान लाने जैसे काम सौंपे गए थे। रहने के लिए घर के पिछले हिस्से में कमरा दिया गया था। वरुण को भोपाल की वर्मा एजेंसी के जरिए नौकरी मिली थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि उसका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ था या नहीं। एजेंसी से भी संपर्क किया जा रहा है।

पुलिस की जांच के अनुसार हत्या रात 12 बजे से 2 बजे के बीच हुई। इसके करीब 15 मिनट बाद यानी 2:15 बजे वरुण सूरजनगर से भदभदा की ओर जाने वाली सड़क पर एक दुकान के सीसीटीवी में दिखाई दिया। फुटेज में वह सड़क पर जाता हुआ दिख रहा है। पुलिस को उसकी आखिरी लोकेशन कुरवाई-बीना रोड पर मिली है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

जांच जारी

पुलिस घर में आग लगाने की कोशिश के संकेतों, अलमारी के टूटे लॉक और लूट के इरादे की आशंका सहित कई पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या का मकसद, घर में जबरन घुसने के निशान, कोई सामान गायब होने, गैस खोलने और केयरटेकर के गायब होने जैसे बिंदुओं पर पड़ताल चल रही है। पत्नी और केयरटेकर की आखिरी मुलाकात तथा घटना के समय घर में मौजूद लोगों की भी जांच की जा रही है।

Author

  • मैं अनामिका गुप्ता, एक पत्रकार हूँ। पिछले 5 वर्षों में मैंने ब्रेकिंग, राजनीति, अपराध, सामाजिक, मनोरंजन, टेक्नोलोजी, खेल, विज्ञान, वित्त एवं निवेश और प्रौद्योगिकी मुद्दों और फीचर स्टोरीज़, हर विधा में काम किया है। जटिल मामलों को सरल भाषा में समझाना मेरी कला है और निष्पक्ष रिपोर्टिंग मेरी पहचान। इस वेबसाइट पर मैं पाठकों तक सच्चाई पहुँचाने का काम करती हूँ।

📢 Sponsored
Property Advertisement