भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेक पर्ल वैली कॉलोनी में परिवहन विभाग की 45 वर्षीय महिला आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का शव घर के अंदर खून से सना मिला। पास में हथौड़ा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार उनके साथ रह रहे पवन कुमार द्विवेदी पर शक है। शादी को लेकर विवाद के बाद हमला हुआ। हत्या के बाद आरोपी ने पास के पेड़ पर फांसी लगा ली। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। जांच जारी है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की लेक पर्ल वैली कॉलोनी में एक महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या का मामला सामने आया है। 45 वर्षीय मीनाक्षी गोखले का शव सोमवार को उनके घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में मिला। शव के पास हथौड़ा पड़ा मिला, जिससे हमला किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मीनाक्षी गोखले के साथ रह रहे पवन कुमार द्विवेदी (निवासी सीधी) पर हत्या का शक है, जानकारी के मुताबिक पवन करीब दो दिन पहले भोपाल आया था और मीनाक्षी के साथ रह रहा था। दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस आशंका जता रही है कि शादी से इनकार को लेकर हुए विवाद के बाद पवन ने हथौड़े से हमला किया, जिससे मीनाक्षी की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी की मौत
हत्या के बाद आरोपी घर से करीब 20 मीटर दूर चला गया और एक पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान ले ली। सूचना मिलते ही खजूरी सड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसीपी बैरागढ़ आदित्य राज सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह एक कॉलोनी में एक महिला की हत्या हुई है और पास में ही एक युवक ने फांसी लगाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या की असली वजह, विवाद का स्वरूप और हथौड़े के इस्तेमाल सहित सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।







