भोपाल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपी संदीप सिंह को 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी वड़ोदरा से ड्रग्स लाकर भोपाल के पॉश इलाकों, क्लबों और बार में सप्लाई करता था।
क्या है पूरा मामला
भोपाल पुलिस ने ‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने गुजरात के वड़ोदरा से एमडी ड्रग्स लाकर भोपाल के क्लबों और बार में सप्लाई करने वाले 40 वर्षीय आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 10.83 ग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल फोन और स्कूटी बरामद की है।
आरोपी कौन है और कैसे करता था कारोबार
मूल रूप से हरियाणा के करनाल निवासी संदीप सिंह वर्ष 2021 से 2025 तक दुबई में रहा। इसके बाद उसने गुजरात के वड़ोदरा में किराए का मकान लिया और ट्रांसपोर्ट का काम शुरू किया। 2025 में ट्रांसपोर्ट कारोबार के सिलसिले में भोपाल आने के बाद वह बावड़िया कलां में रहने लगा और प्रॉपर्टी डीलिंग करने लगा।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसका संपर्क नशे के कारोबार से जुड़े लोगों से हुआ। आरोपी वड़ोदरा से एमडी करीब 2,000 रुपये प्रति ग्राम में खरीदकर भोपाल लाता था और यहां उसे करीब 10,000 रुपये प्रति ग्राम में बेचता था। इस तरह वह एक खेप पर कई गुना मुनाफा कमाता था।
कैसे बनाया नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि संदीप को क्लबिंग का शौक था। नर्मदापुरम रोड स्थित एक क्लब में नियमित आने-जाने के दौरान उसकी पहचान नशा करने वाले युवक-युवतियों से हुई। आरोप हैं कि इसी संपर्क को उसने ड्रग्स सप्लाई के नेटवर्क में बदल दिया, पुलिस के मुताबिक, आरोपी बावड़िया कलां, मिनाल रेसीडेंसी और इंद्रपुरी सहित शहर के अन्य इलाकों में युवाओं को एमडी सप्लाई करता था। पुलिस को संदेह है कि क्लब और बार भी उसके नेटवर्क का हिस्सा थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन-किन क्लबों और बार में ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी।
गिरफ्तारी और आगे की जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से करीब एक महीने पहले आरोपी ने अपना ठिकाना बदल लिया था और अयोध्या नगर के जी-सेक्टर में किराए का मकान ले लिया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दशहरा मैदान के पास उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हरे के अनुसार, पूछताछ में आरोपी के गुजरात कनेक्शन और भोपाल में सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब वड़ोदरा में बैठे उसके मुख्य सप्लायरों से लेकर भोपाल में ड्रग्स खरीदने वालों तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।







