भोपाल के करोंद इलाके में स्थित एक चार मंजिला इमारत के पहले तल पर बुधवार को आग लग गई। इमारत में केएफसी (KFC) का आउटलेट भी है। आग की चपेट में आने से एयर कंडीशनर और फर्नीचर जल गए। फायर ब्रिगेड ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
“प्रतिनिधिक तस्वीर”
भोपाल के करोंद स्थित पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने वाली इस चार मंजिला इमारत में बुधवार को अचानक आग लग गई। आग इमारत के पहले तल पर लगी, जहां क्रोमा का इलेक्ट्रॉनिक शोरूम है। पास में ही केएफसी (KFC) का आउटलेट भी स्थित है।
नगर निगम के फायर प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि इमारत में क्रोमा के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास रखे जनरेटर में आग लगी थी। आग की वजह जनरेटर में शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही है। इस आग की चपेट में आने से कई एयर कंडीशनर और फर्नीचर जल गए। हालांकि, केएफसी आउटलेट को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है।
फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में पाया काबू
आग लगने की सूचना मिलते ही पास के पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बुझाने का काम शुरू कर दिया। इसके बाद नगर निगम की दमकल गाड़ी भी वहां आ पहुंची। दोनों ने मिलकर करीब 20 मिनट के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रशासन अब नुकसान का आकलन कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के समय इमारत में ज्यादा भीड़ नहीं थी। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया।
आग की लपटों से इलाके में मची अफरातफरी
आग से ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं निकलते देख इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। निशातपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। आग के कारण लाखों रुपए के नुकसान होने का अनुमान है, जिसका सटीक आंकलन किया जा रहा है।
भोपाल के पुराने शहर में मारपीट के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस वाहन हुआ क्षतिग्रस्त

