बिहार के अररिया जिले में भूमि को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के भिट्ठा गांव में एक महादलित परिवार पर हमलावरों ने हमला किया, जिसमें 65 वर्षीय एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या कर दी गई और उसके घर को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना शुक्रवार देर रात करीब बारह बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान भिट्ठा गांव निवासी 65 वर्षीय बद्री ऋषिदेव के रूप में हुई है। उनके परिजनों के अनुसार, इससे पहले दिन में खेत में बांस काटने को लेकर कुछ स्थानीय लोगों के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के बाद विपक्षी पक्ष ने देख लेने की धमकी दी थी।

10-12 लोगों ने बाइकों पर सवार होकर किया हमला
पीड़ित की पुतोहू ने पुलिस को बताया कि रात करीब बारह बजे 10 से 12 लोग बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। हमलावरों के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। उन्होंने सबसे पहले आंगन में मचान पर सो रहे बद्री ऋषिदेव को पकड़ लिया और धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया।
हत्या के बाद घर में लगाई आग
हमलावरों ने हत्या करने के बाद पीड़ित के घर में आग लगा दी। आग की लपटें और शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से घायल बद्री ऋषिदेव को पहले सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना के बाद शनिवार सुबह अररिया के एसडीओ और एसडीपीओ सुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।