अक्टूबर में भारत का कच्चे तेल का आयात बढ़कर रिकॉर्ड लगभग 56 लाख बैरल प्रतिदिन पर पहुंच गया। केप्लर के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम एशिया से करीब 23 लाख और रूस से लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन आपूर्ति हुई। नवंबर-दिसंबर में रूसी आपूर्ति घटने की आशंका जताई गई है।
भारत का कच्चा तेल आयात रिकॉर्ड स्तर पर
अक्टूबर में भारत का कच्चे तेल का आयात बढ़कर रिकॉर्ड लगभग 56 लाख बैरल प्रतिदिन के स्तर पर पहुंच गया। ऊर्जा क्षेत्र की आसूचना कंपनी केप्लर के आंकड़ों के अनुसार भारतीय रिफाइनरी इकाइयों ने भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद पश्चिम एशिया और रूस से कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई, केप्लर के प्रमुख विश्लेषक निखिल दुबे ने बताया कि अक्टूबर में पश्चिम एशिया से भारत को करीब 23 लाख बैरल प्रतिदिन कच्चे तेल की आपूर्ति हुई। रूस से आयात लगभग 20 लाख बैरल प्रतिदिन के स्तर पर बना रहा।
रूसी आपूर्ति में कमी की आशंका
नवंबर और दिसंबर में रूस से तेल की आपूर्ति में कुछ कमी आने की आशंका है। काला सागर क्षेत्र में हमलों के कारण माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है। इससे रूसी कच्चा तेल भारतीय खरीदारों के लिए महंगा पड़ सकता है। दूसरी ओर खाड़ी देशों के आपूर्तिकर्ता भारतीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए प्रतिस्पर्धी कीमतों पर तेल उपलब्ध करा रहे हैं।
रिलायंस का ईंधन निर्यात बढ़ा
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और आपूर्ति श्रृंखला में रुकावटों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अफ्रीका, यूरोप और भूमध्यसागरीय देशों में पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन का निर्यात बढ़ाया है। इससे इन बाजारों में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत बढ़ गई है। बीती तिमाही में कंपनी ने रिफाइनिंग कारोबार की कमाई में 68 प्रतिशत उछाल दर्ज किया।
सरकारी कंपनियों का मुनाफा बढ़ा
देश की तीन सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने जुलाई-सितंबर तिमाही में कुल 30,106 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 68.3 प्रतिशत अधिक है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इन कंपनियों को संयुक्त रूप से लगभग 18,150 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।







