कानपुर में काजल हत्याकांड के आरोपी पप्पू पासवान गिरफ्तार

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में काजल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। घटना स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के मकान में हुई थी। मामला भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज है।

कानपुर पुलिस ने चकेरी थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपयुक्त सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, आरोपी को 25 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:10 बजे सनिगवां चौकी क्षेत्र स्थित गोकुल ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में काजल उर्फ हसीना खातून उर्फ दिया की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

24 अक्टूबर को देवरिया जिले के बघौचघ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी नाजिया खातून ने अपनी बहन काजल की हत्या के संबंध में चकेरी थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि पप्पू पासवान ने शादी का झांसा देकर काजल का शारीरिक शोषण किया। शादी का दबाव बनाने पर आरोपी और उसके साथी ने 21-22 अक्टूबर को उसकी हत्या कर दी। थाना चकेरी में मुकदमा संख्या 714/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।

मुलाकात और विवाद की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पप्पू पासवान राजमिस्त्री का काम करता है। वर्ष 2021 में कांशीराम कॉलोनी में मकान की मरम्मत के दौरान उसकी मुलाकात काजल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने दावा किया कि वर्ष 2022 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी, जबकि वह पहले से शादीशुदा था। इस मामले को लेकर बिधनू थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था।

आरोपी के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद होते रहते थे। उसने आरोप लगाया कि काजल उस पर अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बनाती थी और पुराने मुकदमे में सजा दिलाने की धमकी देती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन्हीं विवादों से परेशान होकर हत्या की योजना बनाने की बात कही, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, आरोपी ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के मकान में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान उसने दोनों हाथों से काजल का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह शव को कमरे में छोड़कर फरार हो गया।

गिरफ्तारी और पिछला मुकदमा

25 अक्टूबर को चकेरी पुलिस शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ मामले में वांछित आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि पप्पू पासवान गोकुल ग्राउंड के पास खड़ा है और शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू पासवान पुत्र शिवराम, निवासी पीपरगवां, थाना सेन पश्चिम पारा, कानपुर नगर, उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में बिधनू थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 323, 494, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वर्तमान मामले में चकेरी थाने में बीएनएस की धारा 69 और 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement