सिद्धार्थनगर में नवविवाहित जोड़े की मौत, सुहागरात वाले कमरे में मिले शव

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शादी के अगले दिन नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन का शव अपने कमरे में मिला। दुल्हन फर्श पर और दूल्हा फंदे से लटका मिला। पुलिस को शक है कि रात में विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर खुद जान दे दी।

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक नवविवाहित जोड़े की मौत की घटना सामने आई है। दूल्हा देशराज चौहान जनियाजोत गांव का रहने वाला था। दुल्हन अनीता कड़जहवा गांव की रहने वाली थी। दोनों के घरों के बीच करीब 15 किलोमीटर की दूरी है, तीन महीने पहले दोनों परिवारों ने शादी तय की थी। पहले शादी की तारीख अगले साल मई में रखी गई थी। जुलाई में सगाई हो गई। इसके बाद देशराज दिल्ली चला गया। वह वहां पानीपुरी की दुकान पर काम करता था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत चलती रही।

15 दिन पहले देशराज दिल्ली से घर लौटा तो अनीता भी उसके घर आकर रहने लगी। दोनों परिवारों ने फैसला लिया कि शादी अभी करा दी जाए। 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों ने सात फेरे लिए। शादी के बाद देशराज पत्नी अनीता को लेकर घर पहुंचा।

शाम को नाते-रिश्तेदारों के लिए बहुभोज हुआ। इसके बाद परिवार वाले सोने चले गए। देशराज और अनीता भी अपने कमरे में चले गए। अगली सुबह मौसी मीनाक्षी बहू को जगाने पहुंचीं तो जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा कि दुल्हन की लाश लाल जोड़े में फर्श पर पड़ी थी, जबकि दूल्हे का शव लटका हुआ था।

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी

सिद्धार्थनगर पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, थाना बांसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, पुलिस को प्रारंभिक रूप से शक है कि रात में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। मामला जांच के अधीन है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement