जबलपुर जिला पंचायत कार्यालय में महिला परियोजना प्रबंधक अंजुल झा के साथ एक युवक ने गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोपी योगेश सोनी सहायक विकास खंड अधिकारी आरती सोनी का पति बताया जा रहा है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जिला पंचायत कार्यालय में हुई घटना
जबलपुर जिला पंचायत कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने महिला परियोजना प्रबंधक अंजुल झा के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, महिला अधिकारी कार्यालय में अपने काम में व्यस्त थीं। बताया जा रहा, इसी दौरान सहायक विकास खंड अधिकारी आरती सोनी के पति योगेश सोनी वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर बहस शुरू कर दी।
आरोपी ने की मारपीट
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने महिला अधिकारी के साथ गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से मारपीट करनी शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया
महिला अधिकारी के साथ मारपीट होते देख कार्यालय में मौजूद दूसरे कर्मचारी और लोग तुरंत बीच-बचाव के लिए पहुंचे। उन्होंने किसी तरह आरोपी को रोका और महिला अधिकारी को उसके चंगुल से बचाया। हालांकि, इस दौरान आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह कार्यालय से फरार हो गया। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जांच से नाराजगी बताई जा रही वजह
बताया जा रहा है कि अंजुल झा की ओर से सहायक विकास खंड अधिकारी आरती सोनी के खिलाफ एक मामले में विभागीय जांच की जा रही है। इसी जांच को लेकर दोनों के बीच विवाद चलने की बात सामने आई है। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरती सोनी के पति योगेश सोनी ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अंजुल झा से विवाद किया और फिर उनके साथ मारपीट कर दी।
सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी योगेश सोनी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।







