बिहार के भागलपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांवों के साथ शहरी इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति बन गई है। भागलपुर-पटना को जोड़ने वाले NH-80 पर भवनाथपुर के पास 3 से 4 फीट पानी बह रहा है। वहीं वार्ड नंबर 21 नया टोला में पानी घरों में घुस गया है। लोग चौकी पर खाना बनाने को मजबूर हैं और राहत की मांग कर रहे हैं।
भागलपुर में गंगा का पानी अब सिर्फ ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा है। यह सड़कों और शहर के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। भागलपुर को पटना से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग NH-80 पर भवनाथपुर के पास बाढ़ का पानी 3 से 4 फीट तक बह रहा है। पानी का दबाव बढ़ने के बावजूद कई लोग और वाहन चालक जोखिम उठाकर सफर कर रहे हैं।
NH-80 पर आवागमन जोखिम भरा
वाहन चालकों का कहना है कि पानी की गहराई और सड़क की स्थिति का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। अगर जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो सुल्तानगंज, मुंगेर, जमुई और तारापुर की तरफ सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है। ऐसी स्थिति में भागलपुर का पटना से सड़क संपर्क भी बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।
नया टोला में घरों में घुसा पानी
शहर के वार्ड नंबर 21 स्थित नया टोला मोहल्ले में भी गंगा का पानी प्रवेश कर चुका है। यहां घरों के आसपास पानी जमा है। कई परिवार चौकी के ऊपर खाना बनाने को मजबूर हैं। बाढ़ प्रभावित जानकी देवी और नीतू देवी के अनुसार पानी के बीच रहना पड़ रहा है। कभी खाना नहीं बन पाता तो परिवार को रूखा-सूखा खाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
वार्ड पार्षद संजय सिन्हा का कहना है कि पहले बाढ़ के दौरान इन इलाकों में अनाज और भोजन की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से यह बंद हो गई है। शहरी क्षेत्र होने के कारण यहां के प्रभावितों को ग्रामीण इलाकों जैसी राहत नहीं मिल पा रही है। नगर निगम की महापौर और नगर आयुक्त को राहत के लिए आवेदन दिया गया है, लेकिन अभी तक सामग्री नहीं पहुंची है।







