राजस्थान के दौसा जिले के सलेमपुरा गांव में 32 वर्षीय महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दौसा जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद महिला और दोनों बच्चों को जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दौसा: राजस्थान के दौसा जिले अंतर्गत राहुवास थाना क्षेत्र के सलेमपुरा गांव में एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें दौसा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुरा गांव निवासी 32 वर्षीय महिला के दोनों बच्चे सोमवार सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। आरोप है कि स्कूल जाने से पहले महिला ने कथित तौर पर दोनों बच्चों को विषाक्त पदार्थ दे दिया और खुद भी उसका सेवन कर लिया। कुछ समय बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी, दौसा जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। महिला की पहचान 32 वर्षीय ममता मीणा के रूप में हुई है। उनके साथ 6 वर्षीय बेटी नीलांशी और 4 वर्षीय बेटा शिवांश भी प्रभावित हुए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जयपुर रेफर कर दिया।
दौसा जिला अस्पताल की एमरजेंसी यूनिट के एचओडी डॉ. महेंद्र मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया तीनों की तबीयत विषाक्त पदार्थ के सेवन के कारण खराब हुई है। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन पॉयजन केस में कुछ घंटे बाद तबीयत बिगड़ने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए तीनों को बेहतर उपचार और निगरानी के लिए जयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद राहुवास थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस महिला द्वारा बच्चों के साथ विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के पीछे की वजह की जानकारी जुटा रही है। प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल महिला और दोनों बच्चों का इलाज जयपुर के अस्पताल में चल रहा है।







