पटना: जक्कनपुर थाने में प्रशांत किशोर और थानेदार के बीच तीखी बहस, कार्यकर्ताओं के ‘लापता’ होने का आरोप

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर पटना के जक्कनपुर थाने पहुंचे। उन्होंने अपने 15-16 कार्यकर्ताओं के पुलिस द्वारा उठाए जाने का आरोप लगाया। इस दौरान थानेदार से उनकी तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

पटना. बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और पुलिस के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो चुनाव से एक दिन पहले पटना के जक्कनपुर थाने का बताया जा रहा है, जहां प्रशांत किशोर अपने कथित लापता कार्यकर्ताओं को लेकर पुलिस से मिलने पहुंचे थे।

कार्यकर्ताओं के गायब होने का आरोप

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जन सुराज के करीब 15-16 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उठा लिया है, जबकि दो लोगों को गायब कर दिया गया है। उन्होंने पुलिस से पूछा कि किस मामले में कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और उन्हें कहां रखा गया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता ने अपराध किया है तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बिना जानकारी दिए लोगों को गायब नहीं किया जा सकता।

थानेदार ने दिखाए कड़े तेवर

वहीं, थानेदार ने भी कड़ा रुख अपनाया। वीडियो में थानेदार प्रशांत किशोर से कहते नजर आ रहे हैं, “मेरे ही थाने में बैठकर मुझे धमकी दे रहे हैं?” उन्होंने आगे कहा, “अगर किसी के बारे में जानकारी है तो नियम के अनुसार कार्रवाई होगी, लेकिन थाने में बैठकर दबाव बनाने या धमकी देने का तरीका सही नहीं है। क्या मैंने अपनी वर्दी उतार दूं? अगर मैंने वर्दी उतार दी तो मैं भी आम आदमी बन जाऊंगा।

जन सुराज के नेताओं ने भी उठाए सवाल

जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह और महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सरकार एकतरफा कार्रवाई कर रही है और केवल जन सुराज के नेताओं व कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी ने दावा किया है कि शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। वायरल वीडियो पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement