बस्ती: कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के इकलौते बेटे समेत दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, एक घायल

बस्ती के बसहवा ब्रिज के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात कार-बाइक की भीषण टक्कर में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय के इकलौते पुत्र शिवांश पांडेय और संदीप प्रजापति की मौके पर मौत हो गई। वहीं चंद्र भूषण मिश्र गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक पल की रफ्तार ने दो परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के गोटवा स्थित बसहवा ब्रिज के पास बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटे ने गंवाई जान

इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय के इकलौते पुत्र शिवांश पांडेय और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिलखाव निवासी संदीप प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तिनपेडिया गांव निवासी चंद्र भूषण मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राम प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के घर पहुंची, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शिवांश पांडेय अपने पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों की दर्दनाक याद दिला गया

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement