पूर्वी चंपारण जिले में जमीन को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को तहस-नहस कर दिया। आरोपी बेटे ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और बड़े भाई को फंसाने के लिए शव को घर के सामने गड्ढे में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, यह मामला डुमरियाघाट थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान पार्वती देवी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका छोटा बेटा धर्मवीर महतो लंबे समय से पारिवारिक संपत्ति को लेकर नाराज चल रहा था। उसे आशंका थी कि उसकी मां उसके हिस्से की जमीन बड़े बेटे के नाम कर देंगी, जिसको लेकर घर में लगातार झगड़े हो रहे थे, पुलिस जांच में सामने आया कि गुस्से की स्थिति में धर्मवीर महतो ने गड़ासी (कुल्हाड़ी) से अपनी मां पर हमला कर दिया। यह हमला इतना गंभीर था कि पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
बड़े भाई को फंसाने की कोशिश
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को घर के सामने बने गड्ढे में फेंक दिया। उसकी योजना इस घटना के लिए अपने बड़े भाई को फंसाने की थी। हालांकि, पुलिस की जांच में उसकी साजिश पकड़ में आ गई, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
आरोपी ने कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान आरोपी धर्मवीर महतो ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी मां उसकी बात नहीं मान रही थीं और बड़े भाई को भी संपत्ति देने की तैयारी कर रही थीं। इसी बात पर उसने यह कदम उठाया, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







