दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे CJP और छात्रों के आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा बंद कर दी है। इससे पहले 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया जा चुका है। CJP नीट-यूजी पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है।
दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। शुक्रवार को DMRC ने नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज सुविधा को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
बंद मेट्रो स्टेशनों की सूची
इससे पहले गुरुवार को DMRC ने 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने की घोषणा की थी। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा बरकरार रखी गई थी, लेकिन अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा भी बंद कर दी गई है।
CJP ने देशभर में प्रदर्शन का किया आह्वान
कॉकरोच जनता पार्टी ने 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। पार्टी नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्टर शेयर कर सभी से शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है और छात्र संगठनों से सहयोग की बात कही है।
इधर, केंद्र सरकार ने छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की इच्छा दोहराई है, जबकि CJP का कहना है कि उन्हें सरकार की ओर से अभी कोई संदेश नहीं मिला है। पार्टी जंतर मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत के लिए तैयार है। मेट्रो स्टेशनों के बंद होने से आम यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।







