राजधानी भोपाल में 22 जुलाई की रात रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच गुरुवार को चार बत्ती चौराहा के पास स्थित तलैया थाना रोड पर एक पुराने मकान का हिस्सा गिर गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने संबंधित मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी।
बारिश के बीच हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान काफी पुराना दिखाई दे रहा था, 22 जुलाई दिन से रात तक रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण भवन की संरचना कमजोर हो गई, जिसके चलते उसका एक हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने तत्काल संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए तलैया थाना रोड पर वाहनों और लोगों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को मकान के आसपास जाने से भी रोका गया।
मौके पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़
मकान का हिस्सा गिरने की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना के वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कीं। कुछ समय तक इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही।
जनहानि की सूचना नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, मकान का शेष हिस्सा भी कमजोर नजर आ रहा था, इसलिए पुलिस ने एहतियात बरतते हुए पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कराया।
प्रशासन की कार्रवाई पर रहेगी नजर
बारिश के मौसम में पुराने और कमजोर मकानों से खतरा बढ़ जाता है। ऐसे भवनों की समय पर जांच और आवश्यक कार्रवाई से संभावित हादसों को रोका जा सकता है।







