पटना में BJP-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर झड़प, सदाकत आश्रम के बाहर चले ईंट-पत्थर

बिहार की राजधानी पटना के सदाकत आश्रम (कांग्रेस मुख्यालय) के बाहर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिल्ली में पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता घेराव करने पहुंचे थे। देखते ही देखते नारेबाजी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे बरसाए। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।

क्या है पूरा मामला?

पटना के सदाकत आश्रम क्षेत्र में बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। दरअसल दिल्ली में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने बुधवार को देशभर में कांग्रेस दफ्तरों के घेराव का आह्वान किया था। इसी क्रम में पटना के अशोक राजपथ स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे।

जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया, तो कांग्रेस समर्थक भी बाहर आ गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही पहले तीखी नारेबाजी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर में नारेबाजी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए।

झड़प में लाठी-डंडे भी चले

दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। कई कार्यकर्ता एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। हिंसा की वजह से सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया, पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए सुरक्षा घेरा बना दिया। कुछ देर बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस की ओर से अभी तक घायलों की संख्या और घटना को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, झड़प में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।

Author

  • इसरत फातिमा 7 वर्षों के अनुभव वाली एक पेशेवर पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं। वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार, राजनीति, व्यवसाय, शेयर बाजार, क्रिप्टोकरेंसी, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन और सरकारी योजनाओं सहित विभिन्न विषयों पर शोध-आधारित लेख लिखती हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी सरल भाषा में पहुँचाना है।

📢 Sponsored
Property Advertisement