मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डेयरी का बोर्ड लगाकर अवैध बूचड़खाना संचालित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गोमांस और हथियार बरामद किए हैं। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ फरार हैं। प्रशासन ने अवैध ढांचे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डेयरी की आड़ में अवैध बूचड़खाना चलाकर गोवंश की हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मौके से हथियार और गोमांस बरामद किया है। इसके अलावा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने अवैध डेयरी पर बुलडोजर चलाकर उसे नेस्तनाबूत कर दिया।
सड़कों पर घूम रही गायों को पकड़कर लाते थे
जानकारी के अनुसार, आरोपी सड़कों पर घूम रही गायों को पकड़कर डेयरी की आड़ में संचालित इस अवैध बूचड़खाने में लाते थे, जहां उन्हें काटकर मांस बेचा जा रहा था। जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लगी तो उन्होंने डेयरी पर धावा बोला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बाहर डेयरी का बोर्ड, अंदर मांस का ढेर
जब पुलिस और अन्य लोग अंदर गए तो देखा कि भारी मात्रा में गोमांस रखा हुआ था, जबकि बाहर डेयरी का बोर्ड लगा हुआ था। अंदर हर तरफ मांस फैला हुआ था और बड़े जानवर काटने वाले हथियार भी रखे हुए थे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों, अजीज, आसिफ और जुबैर को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आपस में पिता-पुत्र और दामाद हैं। बाकी आरोपी फरार हो गए हैं।
खेतों में दबा देते थे हड्डियां और अवशेष
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गोकशी के बाद हड्डियों और अन्य अवशेषों को पास के खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दबा देते थे। मौके से एफएसएल टीम ने भी सैंपल लिए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कब से यहां गोकशी हो रही थी और किन-किन लोगों की गायें चोरी हुई हैं।
प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
अवैध रूप से संचालित हो रही इस डेयरी पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। करीब चार हजार वर्गफीट में यह डेयरी फैली हुई थी। एसडीएम रवीश श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत एक अवैध गौशाला चल रही थी, जिसके खिलाफ शुक्रवार को शिकायत मिली थी। गोकशी की जानकारी मिलने के बाद आज इसे गिराने की कार्रवाई की गई।







