बुलंदशहर: सड़क हादसे में महिला की मौत, बेटे ने कार चालक के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सड़क हादसे में घायल हुई एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के बेटे ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाइक को कार ने मारी टक्कर

कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव जसनावली खुर्द (सरदार नगर) निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 16 मई की दोपहर उनकी मां रज्जो देवी और ममेरे भाई दिनेश बाइक से इंडियन गैस एजेंसी पर केवाईसी कराकर वापस लौट रहे थे। भोला मंदिर के पास पीछे से आ रही कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी।

दिल्ली ले जाते समय हुई मौत

हादसे में रज्जो देवी और दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को बुलंदशहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नरेश के अनुसार, मां की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने 18 मई को उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

अंतिम संस्कार के बाद दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित नरेश ने बताया कि घर में अंतिम संस्कार और अन्य कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वह समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करा पाए थे। बाद में उन्होंने कार चालक के खिलाफ शिकायत दी। कोतवाली देहात पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Author