शादी के नाम पर ठगी: सागर में मंडप सजने से पहले दुल्हन ने ऐन वक्त पर क्यों मना कर दिया? दूल्हे ने थाने में दी शिकायत

एक तरफ शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, मंडप सज गया था और मेहमान भी आ गए थे, लेकिन ऐन वक्त पर दुल्हन के शादी से इनकार करने से सपने चकनाचूर हो गए। यह घटना सागर की है, जहां दूल्हा बारात ले जाने के बजाय ठगी की शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचा।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित युवक नरेश ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र की एक महिला एजेंट ने उसे एक लड़की की फोटो दिखाकर शादी का झांसा दिया था, पहले एजेंट ने लड़की का नाम ‘प्रियंका’ बताया, लेकिन बाद में उसे ‘पूजा’ बता दिया गया। फोटो पसंद आने पर दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हुई और रिश्ता तय हो गया। शादी पक्की करने के नाम पर महिला एजेंट ने पीड़ित परिवार से पहले 10 हजार रुपये लिए और भरोसा दिलाया कि शादी वाले दिन लड़की को छतरपुर से सागर लाया जाएगा, इस झांसे में आकर परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू कर दीं।

हल्दी-मेहंदी तक हो गई थी, मैरिज गार्डन भी बुक

बताया जा रहा है कि 22 जून को सात फेरे होने थे और बुधवार को रिसेप्शन की तैयारी थी। दूल्हे की हल्दी और मेहंदी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। रिसेप्शन के लिए शहर का एक मैरिज गार्डन भी बुक कर लिया गया था, जिसका एडवांस पेमेंट भी कर दिया गया था, सभी तैयारियों के बीच शादी से 3-4 दिन पहले एजेंट ने लड़के वालों को सूचना दी कि प्रियंका उर्फ पूजा शादी के लिए तैयार नहीं है और वह सागर नहीं आएगी, इस खबर ने दूल्हे और उसके परिवार को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस घटना से दूल्हे का पूरा परिवार सदमे में आ गया। परिवार ने कोतवाली थाने में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस एजेंट और लड़की के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि इस ठगी की पूरी तह तक पहुंचा जा सके।

Author