दिल्ली: महरौली में 10 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, टैक्सी ड्राइवर गिरफ्तार

दिल्ली के महरौली इलाके में 10 साल की एक बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी 25 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर है, जिसे पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को फुटपाथ से उठाया और गुरुग्राम के जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, इसके बाद हत्या कर शव को वहीं फेंक दिया।

कैसे हुई घटना?

यह घटना सोमवार, 22 जून की सुबह की है। पुलिस को सुबह करीब 5 बजे पीड़ित परिवार की ओर से पीसीआर कॉल के माध्यम से बच्ची के अगवा होने की सूचना मिली। पीड़ित परिवार सड़क किनारे फुटपाथ पर रहता था और बच्ची गुब्बारे बेचने का काम करती थी। परिवार के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और उनके चार बच्चे हैं, जिनमें से एक यह 10 साल की बच्ची भी थी।

आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी टैक्सी ड्राइवर बबलू (25) तक पहुँचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सीडीआर चौक से बच्ची को उठाया था। वह एप-बेस्ड कैब चलाता है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पीड़ित परिवार और आरोपी दोनों बिहार के रहने वाले

पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। परिवार पहले किराए के मकान में रहता था, लेकिन बाद में घर छूट जाने के कारण वे फुटपाथ पर रहने लगे। आरोपी टैक्सी ड्राइवर भी बिहार का ही रहने वाला है और उस पर पहले से कुछ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार और आरोपी एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे। पुलिस ने बच्ची के शव को जंगल से बरामद कर लिया है और मामले की आगे की जाँच जारी है।

Author

📢 Sponsored
Property Advertisement