समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय सुजीत कुमार झा उर्फ मोनू की घर में सोते समय खिड़की से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता ने गांव के ही एक युवक पर आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पीड़ित के सिर में लगीं चार गोलियां
मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुजीत कुमार झा उर्फ मोनू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय मोनू अपने घर में सो रहा था। हमलावर ने खिड़की से उसे निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, मोनू के सिर में चार और सीने में एक गोली लगी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
परिजनों ने लगाया यह आरोप
मृतक के पिता प्रमोद झा ने गांव के ही प्रिंस झा पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी उनके बेटे पर हमला कर चुका था। परिजनों ने पुलिस पर पहले सख्त कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है। उनके अनुसार, अगर पहले की घटना में पुलिस ने सख्ती बरती होती तो उनके बेटे की जान नहीं जाती।
पुलिस क्या बोली?
समस्तीपुर सदर-1 के एएसपी संजय पांडे ने बताया कि घटनास्थल से खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश थी। बताया जा रहा है कि मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कुछ दिन पहले ही बाहर से गांव लौटा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
समस्तीपुर में सोते समय हुई इस गोलीकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। अब पूरे इलाके की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है।
