गुवाहाटी में निमिषा ठाकुरिया की मौत के मामले में आरोपी आशिक अली मंगलवार तड़के पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान फायरिंग में घायल हो गया। उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं। उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुवाहाटी विश्वविद्यालय की छात्रा निमिषा ठाकुरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आरोपी आशिक अली पुलिस फायरिंग में घायल हो गया। यह घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे धारापुर इलाके में हुई, पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसे रोकने के लिए गोली चलाई गई। उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं, जो आर-पार निकल गईं।
अस्पताल में भर्ती
गोली लगने के बाद आशिक अली को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया। उसे सुबह करीब 5:35 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहा है, जीएमसीएच के अधीक्षक के अनुसार, आशिक अली के दाहिने पैर में दो जगह गोली लगी है। एक गोली घुटने के नीचे और दूसरी पिंडली में लगी। डॉक्टरों के अनुसार दोनों गोलियां पैर को आर-पार करते हुए निकल गईं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उसके शरीर के किसी अन्य हिस्से में चोट के निशान नहीं मिले हैं।
रिमांड आज खत्म होनी थी
आशिक अली की आठ दिन की पुलिस हिरासत मंगलवार को खत्म होनी थी। रिमांड पूरी होने के बाद उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया जाना था। इससे कुछ घंटे पहले ही पुलिस फायरिंग में उसके घायल होने की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, उसे हिरासत से बाहर ले जाने के दौरान उसने भागने की कोशिश की थी।
मामला क्या है
यह मामला 25 सितंबर को सामने आया था, जब धारापुर स्थित रुद्राक्ष होमस्टे से गुवाहाटी विश्वविद्यालय की छात्रा निमिषा ठाकुरिया का शव बरामद हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार निमिषा अपने कथित प्रेमी आशिक अली के साथ होमस्टे गई थी। वहां एक कमरे के अंदर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, इस घटना के बाद पुलिस ने आशिक अली को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की जा रही थी। अब रिमांड खत्म होने से ठीक पहले पुलिस फायरिंग में उसके घायल होने से मामले में नया मोड़ आ गया है।







