बिहार के मधुबनी जिले में एक जेसीबी मशीन से खोदे गए गड्ढे में नहाने के दौरान आठ बच्चे डूब गए। इस घटना में एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक घटना मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत केरवार गांव में बुधवार दोपहर घटी। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के आठ बच्चे जेसीबी से बने गड्ढे में नहाने के लिए पहुंचे थे, जहां वे अचानक डूबने लगे।

घटना में अब तक पाँच बच्चों की मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहले दो बच्चों की मौत की पुष्टि हुई थी, बाद में तीन और बच्चों ने दम तोड़ दिया। नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, घटना में एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो गई है। वहीं, तीन बच्चों को बचाने का प्रयास किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बेनीपट्टी के एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती बच्चों का हालचाल लिया और परिजनों से मुलाकात की। फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। मौके पर गड्ढे के पास खेत से सात जोड़ी चप्पलें भी बरामद की गई हैं। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है कि किसके द्वारा और किस उद्देश्य से यह गड्ढा खोदा गया था।