मध्य प्रदेश के इंदौर में एक 17 वर्षीय छात्रा ने कोचिंग क्लास जाने के बजाय प्रेमी संग होटल में समय बिताया। देर रात घर लौटने पर माता-पिता की डांट से बचने के लिए उसने गैंगरेप की झूठी कहानी रच दी, जिससे पुलिस तंत्र हरकत में आ गया।
इंदौर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में यह मामला सामने आया है। बुधवार को छात्रा अपनी कोचिंग क्लास गई, लेकिन वहां महज पांच मिनट रुकने के बाद वह सीधे विजय नगर क्षेत्र के एक होटल में अपने प्रेमी अंश से मिलने पहुंच गई। शाम तक दोनों होटल में रहे।

होटल और सीसीटीवी फुटेज से खुला सच
जब छात्रा को लगा कि घर लौटने में काफी देर हो चुकी है और परिवार वालों को जवाब देना मुश्किल होगा, तो उसने झूठी कहानी गढ़ी। प्रेमी को पहले घर भेजने के बाद छात्रा ने बायपास पर एक राहगीर के फोन से अपनी मां को फोन किया। उसने बताया कि तीन कार सवार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। झूठ को सच जैसा बनाने के लिए उसने खुद अपने हाथों पर घाव के निशान भी बना लिए। परिजन उसे लेकर शिप्रा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी जोन-2 अमनसिंह राठौर और एडीसीपी अमरेंद्र सिंह के निर्देशन में गठित तीन टीमों ने जांच की।
पहली टीम ने कोचिंग सेंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें छात्रा के पांच मिनट बाद निकल जाने की पुष्टि हुई। दूसरी टीम ने होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जहां छात्रा और उसके प्रेमी के पहचान पत्र जमा थे और दोनों अपनी मर्जी से अंदर गए थे। तीसरी टीम ने प्रेमी अंश से पूछताछ की, जिसने सारा सच कबूल कर लिया।
प्रेमी और होटल के खिलाफ कार्रवाई
पूरी कहानी के झूठी साबित होने के बाद भी छात्रा के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने प्रेमी अंश के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने पर उस होटल को भी प्रशासन ने सील कर दिया है। छात्रा के बयान अदालत में दर्ज कराए जा रहे हैं।