इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक युवक ने संदिग्ध प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई जब दंपती की छोटी बेटी के रोने की आवाज पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

घर के अंदर मिले दोनों पति-पत्नी के शव
हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर इलाके में रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे यह घटना सामने आई। पड़ोसियों ने बताया कि एक घर से लगातार बच्ची के रोने की आवाजें आ रही थीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में पति-पत्नी बेड पर मृत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हल्केवीर पटेल (पति) और रोशनी पटेल (पत्नी) के रूप में हुई है। हल्केवीर पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक पेस्टीसाइड कंपनी में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत था। परिवार मूल रूप से नर्मदापुरम (होशंगाबाद) का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रोशनी के पीथमपुर निवासी सुनील साहू नामक युवक से कथित प्रेम संबंध थे। इस बात की जानकारी पति हल्केवीर को पहले ही हो चुकी थी, जिसके कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हल्केवीर एक रिश्तेदार के साथ उस युवक से मिलने और बात करने भी गया था। इसके कुछ ही घंटों बाद यह घटना घटी।
बच्ची अब देखभाल के लिए रिश्तेदारों के पास
घटना के समय दंपती की छोटी बेटी भी घर में ही मौजूद थी। वह सुबह उठकर रोने लगी, जिसके बाद पड़ोसियों को मामले का पता चला। फिलहाल बच्ची को रिश्तेदारों की देखरेख में रखा गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों के मोबाइल फोन को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।