भोपाल के पुराने शहर में मारपीट के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस वाहन हुआ क्षतिग्रस्त

भोपाल के गौतम नगर इलाके में एक युवक के साथ मारपीट और कथित धार्मिक टिप्पणी के मामले में मंगलवार को पुराने शहर में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हो गई, जिसमें पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।

भोपाल के पुराने शहर में मारपीट के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस वाहन हुआ क्षतिग्रस्त

भोपाल के पुराने शहर में ताजुल मस्जिद, पीरगेट और इमामीगेट क्षेत्र में मंगलवार रात करीब आठ बजे से हजारों लोग इकट्ठा होने लगे। प्रदर्शनकारी 9 मई को गौतम नगर स्थित एक होटल में एक मुस्लिम युवक के साथ हुई मारपीट और आरोपित धार्मिक टिप्पणी के खिलाफ सड़कों पर उतर आए।

सूत्रों के अनुसार, हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल में एक मुस्लिम युवक और एक हिंदू युवती को देखा था। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोता गया तथा अर्धनग्न अवस्था में उसे पुलिस के हवाले किया गया। इस दौरान की गई कथित धार्मिक टिप्पणियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिसके बाद तनाव बढ़ गया।

पुलिस कमिश्नर से मिलकर की गिरफ्तारी की मांग

मंगलवार दोपहर मुस्लिम समाज के लोग ताजुल मस्जिद के बाहर एकत्र हुए। इसके बाद शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, विधायक आरिफ मसूद और विधायक अतीक अकील ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। रात में फिर से सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई को धीमा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाने, उनकी गिरफ्तारी के बाद जुलूस निकालने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।

पथराव में पुलिस वाहन हुआ क्षतिग्रस्त

मोती मस्जिद क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की सूचना है। इस पथराव में थाना तलैया का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। रात एक बजे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुराने शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। शाहजहांनाबाद संभाग के एसीपी अनिल वाजपेयी के अनुसार, लोगों को घर भेज दिया गया है और पुराने शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

पांच आरोपी चिह्नित, दो गिरफ्तार

गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में थाना गोविंदपुरा में धारा 299 (आपराधिक साजिश) और 191(2),3(5) (उपद्रव) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज और साक्षियों के आधार पर रोहित सिंह, बृजेंद्र प्रजापति, जीतू कुशवाह, रंजीत सूर्यवंशी और लाला राम मीणा को आरोपी चिह्नित किया गया है। इनमें से दो को अभिरक्षा में लेकर जेल भेजा जा रहा है वहीं एक नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा। इस मामले में युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले पांच सालों से युवक आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में है और वह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। उसने कहा कि दोनों के बीच सहमति थी और कोई जबरदस्ती नहीं हुई है।

ग्वालियर: सब्जी न बनाने पर विवाद, बहू ने मायके वालों से बुलाकर सास-पति पर करवाया हमला

Author

Leave a Comment