चंडीगढ़ में युवक की चाकू मारकर हत्या, वारदात के दौरान लोग बनाते रहे वीडियो

चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में मंगलवार शाम 20 वर्षीय युवक सूरज (सागर) की पुरानी रंजिश में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय मौजूद लोग मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

चंडीगढ़ में युवक की चाकू मारकर हत्या, वारदात के दौरान लोग बनाते रहे वीडियो

“प्रतिनिधिक तस्वीर”

चंडीगढ़ के दड़वा स्थित गैस कॉलोनी में 18 फीट रोड पर मंगलवार शाम सवा छह बजे के करीब चार से पांच हमलावरों ने सूरज को घेर लिया। सूरज को बचने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था। हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू के वार किए, जिससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के दौरान वहां मौजूद 20 से अधिक लोगों और महिलाओं ने घटना को देखा। लेकिन किसी ने भी घायल सूरज को बचाने का प्रयास नहीं किया। इसके विपरीत, कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी वारदात का वीडियो बना लिया। एक 55 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

परिजनों का आरोप- 25 मिनट तक तड़पता रहा युवक

मृतक सूरज के पिता मुकेश और मां राजबाला ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा करीब 25 मिनट तक सड़क पर खून से लथपथ तड़पता रहा। इस दौरान किसी ने भी पुलिस या एंबुलेंस को फोन नहीं किया। वहीं, हमलावरों ने वारदात के बाद सूरज की बाइक स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन जब बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो वे उसे लात मारकर पैदल ही फरार हो गए। परिजनों का यह भी आरोप है कि पास में बीट बॉक्स होने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। हालांकि, पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर वे मौके पर पहुंच गई थी।

पुलिस ने शुरू कर दी जांच

पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का मामला है। हमलावर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो में साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ आरोपियों के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मुजफ्फरपुर में दो चचेरी बहनों की हत्या, पूजा देखने गई थीं बच्चियां

Author

Leave a Comment