मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार देर रात इंदौर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो के बीच हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए इंदौर से उज्जैन आ रहे थे।
“प्रतिनिधिक तस्वीर”
हादसे का विवरण
नानाखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार रात लगभग 2 बजे पंथपिपलई स्थित वाटर पार्क के पास हुई। इंदौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (आयशर) ने ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
पीड़ितों की पहचान
मृतकों की पहचान उनकी जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई है। सभी तीनों मृतक इंदौर के रहने वाले थे, गोलू उर्फ आकाश ठाकुर, चिराग सोलंकी, विशाल रावत घायल ऑटो चालक का नाम जितेंद्र कछवाय बताया गया है, जो मूल रूप से इंदौर का ही निवासी है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने ऑटो में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों तक सूचना और अगली कार्रवाई
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन उज्जैन पहुंच गए। शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन शवों को लेकर इंदौर के लिए रवाना हो गए। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
शेखपुरा: पति ने पत्नी को मारी गोली, भीड़ ने पति की पीटकर हत्या कर दी | Bihar News

