झुंझुनूं: छोटे भाई ने ट्रैक्टर से कुचलकर बड़े भाई की कर डाली हत्या
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पारिवारिक झगड़े ने भयावह रूप ले लिया। यहां छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
"प्रतिनिधिक तस्वीर"क्या है पूरा मामला?
यह घटना झुंझुनूं जिले के पचेरी कलां थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 35 वर्षीय अनूप गुरुवार दोपहर करीब दो बजे बाहर से अपने घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसका अपने छोटे भाई अजीत से दोस्तों के साथ घूमने-फिरने की बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच इसी बात को लेकर आए दिन कहासुनी होती रहती थी। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
चाचा के बेटे ने बताई घटना की पूरी जानकारी
मारपीट के दौरान अनूप ने अपने चाचा के बेटे कृष्ण यादव को फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट हो रही है और स्थिति गंभीर है। कृष्ण यादव के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचा तो विवाद चरम पर था। आरोप है कि इसी दौरान अजीत ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर चलाकर अनूप के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर से कुचलने के कारण अनूप गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे कृष्ण यादव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई और वह भी घायल हो गया।
अस्पताल में घोषित हुई मौत
घटना के बाद परिजन गंभीर घायल अनूप को पचेरी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बुहाना रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे बुहाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अनूप शादीशुदा था लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। उसके पिता की पहले ही हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। वह दिल्ली में एक निजी कंपनी में काम करता था और इन दिनों अपने गांव आया हुआ था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद रसूलपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद इतना बढ़ जाएगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
मुजफ्फरपुर: बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, पांच लोग घायल, चालक की हालत गंभीर

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें