भोपाल: गोविंदपुरा में पेपर फैक्ट्री पर हमला, फायरिंग और तीन लोग घायल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने एक पेपर फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग की और तीन लोगों पर डंडों व तलवारों से हमला कर दिया। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
"प्रतिनिधिक तस्वीर"घटना भोपाल गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 'सोनी इंडस्ट्रीज' नामक पेपर फैक्ट्री की है। फैक्ट्री संचालक अंकित गुप्ता (39) ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक युवक खुद को फुटकर व्यापारी बताकर फैक्ट्री पहुंचा। उसने करीब 30 हजार रुपये का माल तो लिया, लेकिन भुगतान को लेकर विवाद करने लगा। इस दौरान उसने खुद को 'गोपाल पाटिल' का आदमी बताते हुए धमकी दी और वहां से चला गया।
आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने किया हमला
अंकित गुप्ता के अनुसार, उस युवक के जाने के कुछ ही देर बाद करीब छह से अधिक लोगों का एक गिरोह दो एसयूवी वाहनों में सवार होकर फैक्ट्री पहुंच गया। आरोपियों ने फैक्ट्री में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और फिर लोहे के डंडों तथा तलवारों से हमला कर दिया। हमले में फैक्ट्री संचालक अंकित गुप्ता, उनके चाचा चंद्रप्रकाश दुबे और चचेरे भाई अमित घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, चंद्रप्रकाश दुबे को सबसे गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ, पेट और पीठ पर तलवार से गहरे घाव किए गए हैं। तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके से बरामद हुए दो खोखे
घटना की सूचना मिलने के बाद अशोका गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर से दो गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावर हमले के दौरान लगातार 'गोपाल पाटिल' का नाम लेकर धमकी दे रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी दो एसयूवी वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने क्या कहा
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें